
संवाददाता
कानपुर। शहर के दक्षिण में प्रस्तावित 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी को लेकर सपा ने विरोध किया और निर्माण स्थल पर हवन-पूजन शुरू कर दिया। जिसके बाद वहां पुलिस पहुंच गई।
सपा नेता का कहना है, लगातार इस अस्पताल शुरू करने में देरी हो रही है। जब कि इससे दक्षिण की आबादी को फायदा होगा।
सपा युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्पित यादव अपने समर्थकों के साथ नौबस्ता स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय के बगल में बनें अस्पताल के गेट पर बैठ कर हवन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन को खत्म करा दिया।
शहर के केशव नगर स्थित 100 बेड के अस्पताल को 2021 में उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुमति दी थी। 45 करोड़ रुपए का बजट भी दिया गया था। अस्पताल का भवन बन कर तैयार भी हो चुका है। जिसे चालू करने के लिए 2025 मार्च की तारीख भी दी गई थी।
एक साल बीत गया, मगर अस्पताल अभी तक चालू नहीं हो पाया।
जिसके बाद आज समाजवादी पार्टी के नेता अस्पताल के मुख्य द्वार के पास जाकर बैठ गए। फिर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सद्बुद्धि हवन भी किया।
इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और हवन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं से हवन सामग्री और जलता हुआ हवन पात्र छीनने का प्रयास किया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अस्पताल मार्च 2025 से बन कर तैयार है। इसे मार्च के महीने में चालू होना था। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी अस्पताल शुरू नहीं हो सका है
प्रदेश उपाध्याक्ष ने कहा कि बीते पांच सालों से इस अस्पताल को शुरू कराने के लिये लड़ाई लड़ी जा रही है। लेकिन कुछ नहीं हो सका। जब अस्पताल बनने में देरी हो रही थी तब भी आन्दोलन किया गया था । फिर इसके बगल में भाजपा का कार्यालय बनकर तैयार हो गया। तब भी विरोध किया कि अस्पताल क्यों नहीं शुरू हो सका। जब आज यहां सरकार की सद्बुधि के लिये हवन किया तो यहां पुलिस आ गई। हम लोगों को हटा कर हवन की आग बुझा दी गई ।
इस अस्पताल को चालू कराने के लिए समय समय पर पहले भी आवाजें उठती आई हैं। जिसके बाद कानपुर के किदवई नगर विधानसभा के विधायक महेश त्रिवेदी और सांसद रमेश अवस्थी अस्पताल को खुलवाने के लिए कई बार निरीक्षण भी कर चुके हैं।
यहां तक कानपुर सांसद ने प्रमुख सचिव तक को खत के माध्यम से इस बारे में अवगत कराया। लेकिन उसके बावजूद अस्पताल चालू नहीं हो पाया। लोगो का कहना है कि जिस जगह पर अस्पताल बना है उससे कुछ दूरी पर भाजपा का क्षेत्रीय कार्यालय भी बना है।
दोनों का निर्माण कार्य एक साथ शुरू हुआ था, मगर भाजपा का कार्यालय बन कर तैयार हो गया। मगर अस्पताल अभी भी चालू नहीं हो सका है।






