February 12, 2026

संवाददाता

कानपुर। सपा विधायक नसीम सोलंकी ने जनता से कहा है कि शहर में फर्जी बीएलओ घूम रहे हैं। ये लोग एसआईआर का फॉर्म जांचने के नाम पर लिस्ट से नाम कटवाने में जुटे हैं। मैं सीसामऊ की जनता से अपील करना चाहती हूं कि ऐसे लोगों के बहकावे में आने या डरने की जरूरत नहीं। क्योंकि, चुनाव आयोग ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है।
नसीम ने पति इरफान सोलंकी के साथ अपील करते हुए एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें दोनों कह रहे कि आपको इस बारे में कोई दिक्कत होती है तो तुरंत हमको फोन करके इसकी सूचना दें। वहीं, इस मामले को लेकर विधायक और सपा नेताओं ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से शिकायत की है।
सीसामऊ सीट से पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने कहा कि मेरे पास फोन पर शिकायत आई थी। पता चला कि कुछ लोग नए नाम जोड़ने के नाम पर दोबारा फार्म चेकिंग करने की बात कह रहे हैं। लोगों से बोल रहे कि हम चुनाव आयोग की तरफ से आए हैं।
यह जानकारी मिलते ही इरफ़ान ने थानेदार को इसकी सूचना दी। क्योंकि 1 जनवरी 2026 तक जो भी फॉर्म भरे जा चुके हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन या चुनाव आयोग की ओर से ऐसी कोई भी ऐसी जानकारी जारी नहीं दी गई है।
सूचना के बाद तत्काल पुलिस मौके पर भेजी गई। लेकिन तब तक खुद को बीएलओ बता रहे लोग वहां से जा चुके थे। दरअसल, इसके पीछे कुछ ऐसे लोग हैं, जो वोट काटने का काम कर रहे हैं। नाम सुधार के बाद किसी भी प्रकार की रि-चेकिंग का कोई आदेश नहीं आया है।
विधायक नसीम और उनके पति इरफान सोलंकी ने इस मामले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस से भी अपील की है और कहा है कि अगर ऐसे लोगों की कहीं से भी सूचना मिले तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
इरफान सोलंकी ने कहा कि जो भी लोग इस तरह के फार्म लेकर आ रहे हैं, वे पूरी तरह से फर्जी हैं। ये लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जनता से अपील है कि अगर ऐसे लोग कहीं भी आते हैं तो तुरंत इसकी सूचना उन्हें दें।
साथ ही प्रशासन और पुलिस को भी जानकारी दें, ताकि ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा सके और उन्हें सजा मिल सके। साथ ही अगर कोई भी व्यक्ति आपके घर आए तो उसका वीडियो जरूर बनाएं। 

Related News