March 3, 2026

संवाददाता

कानपुर।  पनकी, बर्रा व सचेंडी थानाक्षेत्र में अलग-अलग मामलों में तीन लोगों ने सुसाइड कर लिया। पनकी में पौत्र के साथ खेलने के बाद अधेड़ ट्रेन के आगे कूद गया, वहीं बर्रा में खाना बनाने पर पति से झगड़े के बाद पत्नी ने फंदा लगा लिया। इसी तरह सचेंडी में क्लीनर ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
पहले मामले में बर्रा विश्वबैंक निवासी छक्की लाल लोडर चालक थे, परिवार में पत्नी शांति व दो बेटे अश्वनी और नीरज हैं। अश्वनी ने बताया कि पिता सांस की बीमारी से ग्रसित थे, जिसका इलाज चल रहा था। रात में घर लौटने के बाद वह बेटे अंश व सोम के साथ खेल रहे थे। कुछ देर बाद वह बिना बताए घर से निकल गए। काफी देर तक वापस न आने पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
सुबह पनकी पुलिस को कपली गांव के पास ट्रेन की पटरी पर शव पड़ा मिला। शव की तलाशी की दौरान उनकी जेब से डायरी मिली, जिस पर उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दूसरे मामले में नौबस्ता के सिमरा गांव निवासी अविनाश पाल ऑटो पार्ट्स की दुकान में काम करते हैं। परिवार में  पत्नी सोनी, दो बच्चे अश्वनी और सात माह का बेटा है। परिजनों ने बताया कि सोनी का पति अविनाश से खाना बनाने को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद पति सब्जी लेने बाजार चला गया।
इस बीच सोनी ने अपने सात माह के बेटे को सास को देकर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली, जब पति सब्जी लेकर घर लौटा तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। तत्काल उन्होंने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। 

नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पति से विवाद के बाद पत्नी ने आत्महत्या की है।
तीसरे मामले में सचेंडी के रामनारायण पुरवा निवासी ओम प्रकाश ट्रक ड्राइवर हैं। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटे है और एक शादीशुदा बेटी है। परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश का बेटा विशाल ट्रक में क्लीनर का काम करता था।  

रात को वह घर लौटा और अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह परिजन उठे तो उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। 

थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।