
संवाददाता
कानपुर। एसजीएसटी टीम ने डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में छापेमारी कर 12 हजार किलोग्राम सुपाड़ी बरामद की है। पार्सलयान से लाई जा रही 206 बोरियां जब्त की गईं, जिनकी कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है। ये कार्रवाई जीआरपी के सहयोग से की गई।
अपर आयुक्त ग्रेड वन सेमुअल पॉल एन के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त शिविका सिंह और प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक सुपाड़ी दीमापुर से कानपुर लाई जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद माल के बिल और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि कितनी सुपाड़ी का वैध बिल है और कितनी बिना अभिलेख के लाई गई। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
प्राथमिक जांच में विभाग को गलत जानकारी देकर गुमराह करने के संकेत मिले हैं। स्टॉक मिलान में भी गड़बड़ी पाई गई है। फिलहाल एक दर्जन अधिकारियों की टीम देर शाम तक दस्तावेज खंगालती रही। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






