
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में पुरवामीर ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। फतेहपुर से कानपुर आ रही स्कूटी सवार दो युवतियों को पीछे से एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवतियां उछलकर हाईवे पर दूर जा गिरीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल युवतियों को सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की हालत गंभीर बताई और उन्हें जिला अस्पताल हैलेट रेफर कर दिया गया। घायल युवतियों की पहचान अंजू पुत्री शिवनारायण, निवासी गोविंद नगर और कुमकुम के रूप में हुई है।
दोनों फतेहपुर से कानपुर जा रही थीं। उनकी स्कूटी पर डॉक्टर लिखा हुआ था। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए भिजवाया गया।
स्कूटी को स्थानीय चौकी में रखा गया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।