March 30, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के पुरवामीर, सिकठिया और नौगवा गौतम का मॉर्निंग वॉक के दौरान भ्रमण किया। उन्होंने शुक्रवार को ग्रामीणों से संवाद करके उनका कुशलक्षेम पूछा और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
पुरवामीर गांव के भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह गौतम और अन्य ग्रामीणों ने उन्हें करीब तीन सौ वर्ष पुराने प्राचीन श्री ठाकुरद्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को मंदिर की जर्जर स्थिति से अवगत कराया और अंदर ले जाकर ठाकुरद्वारा के दर्शन भी कराए।
इस पर महाना ने कहा कि किसी प्राचीन मंदिर का जर्जर अवस्था में होना शुभ नहीं माना जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस मंदिर का जीर्णोद्धार कर नया निर्माण कराया जाएगा और भगवान की विधिवत पुनः स्थापना की जाएगी।
इसी क्रम में, सतीश महाना ने दो दिन पूर्व विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से बकरियां चराने गए किसान सुरजन की मौत के मामले में उनकी पत्नी रामसखी से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
उन्होंने सिकठिया और नौगवा गौतम सहित अन्य गांवों का भी दौरा किया, जहां ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से संबंधित कई शिकायतें रखीं। महाना ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात कर इन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि मॉर्निंग वॉक का मुख्य उद्देश्य लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना है। इससे क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, लोगों की दिनचर्या और उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान 40 से 50 लोग उनके साथ कई किलोमीटर तक पैदल चलते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।
इस अवसर पर सुरेंद्र अवस्थी, विनय मिश्रा, रानू शुक्ल, अजय प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह गौतम, अवनेश तिवारी और निर्भय सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।