February 18, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
13 से 17 अप्रैल तक संघ प्रमुख मोहन भागवत कानपुर में प्रवास करेंगे। इस दौरान वो पहली बार कारवालो नगर स्थित संघ कार्यालय में प्रवास करेंगे। इससे पहले वे कानपुर प्रवास के दौरान प्रांत प्रचारक बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह के घर पर ही प्रवास करते थे। मोहन भागवत नवनिर्मित संघ कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे।

13 अप्रैल की शाम को संघ प्रमुख को कार्यालय में आना है। वह यहां 17 अप्रैल तक रहेंगे। पांच दिन के प्रवास के लिए संघ कार्यालय को पूरी तरह सजाया जाएगा। इसके लिए नौ से 12 अप्रैल तक कानपुर की चारों जिला इकाइयों के स्वयंसेवकों को रोज सुबह छह बजे से नौ बजे तक तीन घंटे श्रमदान करने के लिए कहा गया है।
इसमें नौ को पूर्व, 10 को दक्षिण, 11 को उत्तर व 12 को पश्चिम जिले के स्वयंसेवकों को श्रमदान करना है। इसके अगले दिन 13 अप्रैल को संघचालक मोहन भागवत कार्यालय पहुंचेंगे। 14 को वह संघ कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। साथ ही डा. आंबेडकर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
दो दिन वह बैठकों में भाग लेंगे। साथ ही 15 अप्रैल की शाम को पूर्व जिले की बैठक में और 16 अप्रैल को दक्षिण जिले में सुबह की शाखा में शामिल होंगे। 17 अप्रैल को वह अलीगढ़ रवाना होंगे।
संघ कार्यालय पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। पहले यह दो खंड का था जो अब चार खंड का हो गया है। इसमें सभागार के साथ ही पार्किंग की भी सुविधा है। आगंतुक कक्ष भी उपलब्ध है।
इसमें एक प्रचारक आवास भी बनाया गया है। इसमें जो प्रचारक बाहर से आते हैं, उनके ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक अशोक सिंघल के समय संघ कार्यालय गांधी नगर में था। बाद में इसे कारवालों नगर लाया गया। 

Related News