April 2, 2026

भूपेन्‍द्र सिंह
लखनऊ/कानपुर। लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बुधवार को खेले गए आईपीएल के आठवें मुकाबले में एक बार फिर वही कहानी दोहराई गई। घरेलू मैदान पर मजबूत शुरुआत के बावजूद लखनऊ सुपर जायंट्स को निराशा हाथ लगी और दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए लगातार तीसरी बार इकाना में मेज़बान टीम को मात दी।समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की सूझबूझ भरी बल्लेबाज़ी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की अहम साझेदारी कर लखनऊ के जीत के सपनों को चकनाचूर कर दिया। शुरुआती झटकों के बाद जिस तरह से दोनों बल्लेबाज़ों ने पारी को संभाला, उसने दिल्ली को मुश्किल हालात से बाहर निकाल दिया।मैच की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स की हालत बेहद खराब थी। सिर्फ 26 रन पर चार विकेट गिर चुके थे, जिसमें कप्तान अक्षर पटेल का विकेट भी शामिल था। ऐसे में लग रहा था कि लखनऊ इस बार इतिहास बदल सकती है, लेकिन रिज़वी (70 रन, 47 गेंद) और स्टब्स (39 रन, 32 गेंद) ने शानदार संयम दिखाते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। दिल्ली ने 142 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम की लाल मिट्टी वाली पिच पर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया। बीच के ओवरों में टीम ने सिर्फ 65 रन जोड़कर छह विकेट गंवा दिए।लखनऊ की पारी का सबसे बड़ा झटका कप्तान ऋषभ पंत का रन आउट रहा। मुकेश कुमार की फुर्तीली फील्डिंग के चलते पंत महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम की लय बिगड़ गई। इसके बाद मिशेल मार्श (35 रन) और अब्दुल समद (36 रन) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ों का साथ नहीं मिला।दिल्ली की गेंदबाज़ी में लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने तीन-तीन विकेट लेकर लखनऊ की कमर तोड़ दी। वहीं कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी से मध्यक्रम को झकझोरते हुए अहम विकेट झटके।कुल मिलाकर, यह मुकाबला टी20 क्रिकेट की अनिश्चितता का जीता-जागता उदाहरण रहा, जहां एक समय मैच पर पकड़ बनाने वाली लखनऊ सुपर जायंट्स अचानक लड़खड़ा गई और दिल्ली कैपिटल्स ने मौके का पूरा फायदा उठाकर जीत अपने नाम कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News