
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर की ककवन सीएचसी जाने वाली सड़क पर बने मानक विहीन ब्रेकर मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। ककवन रोड पर रेलवे क्रॉसिंग से अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित ये तीन बड़े ब्रेकर गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
अक्सर सड़क दुर्घटना के शिकार या गंभीर स्थिति में मरीज एंबुलेंस और निजी वाहनों से तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लाए जाते हैं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही इन ऊंचे और बेतरतीब बने ब्रेकरों के कारण मरीजों को तीव्र झटके झेलने पड़ते हैं। प्रसव के लिए अस्पताल जा रही महिलाओं के लिए ये ब्रेकर विशेष रूप से कष्टकारी और खतरनाक साबित हो रहे हैं।
आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को भी इन ब्रेकरों के कारण अपनी रफ्तार धीमी करनी पड़ती है, जिससे उपचार के लिए कीमती समय बर्बाद होता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इन ब्रेकरों का निर्माण नियमों की अनदेखी करके किया गया है और इनका कोई तकनीकी उपयोग नहीं है।
इस मामले में एसडीएम संजीव दीक्षित ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इसे एक गंभीर और चिंताजनक विषय बताते हुए कहा कि सीएचसी मार्ग पर मरीजों को होने वाली यह असुविधा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली जाएगी और नियमानुसार इन ब्रेकरों को जल्द से जल्द हटवाया जाएगा।






