
संवाददाता
कानपुर। गुरुवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से ही आसमान पर काले बादलों की मौजूदगी ने लोगों को उमस और धूप से राहत दी। हल्की हवा और बादलों की आवाजाही से माहौल सुहाना हो गया।
मौसम विभाग का कहना है कि 24 अगस्त तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। छुटपुट बूंदाबांदी होती रहेगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रो. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार, बीते दिनों तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
20 अगस्त को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 21 अगस्त को यह घटकर 33.5 डिग्री पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा। वहीं, आज तापमान और गिरकर लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई है। हवा की औसत रफ्तार 9.9 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो दक्षिण से पूर्व दिशा की ओर चली। नमी की इस अधिकता के कारण उमस बनी हुई है, लेकिन बादल राहत का एहसास कराते रहे।
विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान में टर्फ लाइन गुजरात के सूरत, महाराष्ट्र के नंदुरबार-अमरावती से होते हुए एक निम्न दबाव क्षेत्र से निकलकर बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग तक जा रही है। यही कारण है कि कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों का असर दिखाई दे रहा है।
फिलहाल कानपुर में तेज धूप और उमस से राहत रहेगी। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे मौसम खुशनुमा बना रहेगा।






