February 13, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
रिटायर्ड डिप्टी एसपी के घर पर चोरी करने वाला रवि उर्फ पवन चौरसिया अत्याधिक नशे का लती है। उसे स्वरूप नगर पुलिस ने हैलट से पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी से जब पूछताछ की तो उसने बताया कि वो हैलट में दवा लेने गया था। उस समय वो इतना नशे में था कि उसे समझ ही नहीं आ रहा था कि वो हैलट अस्पताल में है कि जच्चा बच्चा में। उसने कारतूसों और अन्य सामग्री को लेकर भी पहले पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया मगर बाद में काकादेव में हुई चोरी कि घटना को कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश करके जेल भेज दिया।
जेके मंदिर के पीछे कच्ची बस्ती लोहारन भट्टा निवासी रवि उर्फ पवन चौरसिया हर तरह का नशा करता है। वो नशे के इंजेक्शन भी लेता है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रेलवे लाइन किनारे रात में कई नशेबाज इकट्ठा होते हैं और अलग अलग तरह का नशा करते हैं। वो भी वहीं जाता था और इंजेक्शन का नशा भी लेता था।
जब कारतूस, जर्मन मेड रिवाल्वर और सोने के जेवरातों को लेकर पुलिस ने उससे पूछताछ की तो आरोपी ने कहा कि वो उसे बैग में रेलवे पटरी के किनारे मिला था। फिर उसने हैलट के पास बैग मिलने की बात कही। जब पुलिस ने थोड़ा सख्ती से पूछताछ की तब जाकर आरोपी टूट गया।
पुलिस ने रवि से पूछा कि वो हैलट ही क्यों गया था। इस पर आरोपी ने जवाब दिया कि हैलट में अफीम से बचने के लिए दवा मिलती है। उसी को लेने के लिए गया था। जबकि हैलट में प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी वहां पर वार्ड नम्बर सात में लोगों के मोबाइल फोन चुरा रहा था। उसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ा था।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी कबूल किया कि पहले वो  कारतूस लेना नहीं चाह रहा था मगर फिर उसे अपने एक मित्र का नाम याद आया। जो कि कारतूसों को ब्लैक में बिकवा सकता था। पुलिस ने रवि से उसके दोस्त की पूरी डीटेल ले ली है। जल्द ही पुलिस दोस्त की भी जांच करके  सच्चाई का पता लगाएगी। 

Related News