February 25, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  चकेरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक पूर्व एयरफोर्सकर्मी की स्कूटी से गिरने के बाद मौत हो गई। यह घटना केडीए चौराहे के पास जितेंद्र गैस एजेंसी के निकट हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक बेहद धीमी गति से स्कूटी चला रहे थे तभी अचानक गिर गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें  मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो पांच साल पहले एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हुए थे। वह जाजमऊ के कैलाश नगर में अपनी पत्नी अनीता यादव और बेटे ओम के साथ रहते थे।
मृतक के स्वजन अमित यादव ने बताया कि अमित कुमार सिंह मंगलवार सुबह पीलिया की दवा लेने गए थे। इसके बाद वह घरेलू सामान खरीदने लालबंगला बाजार के लिए निकले। उनकी पत्नी अनीता यादव ने उन्हें बाजार जाने से कई बार रोका था, क्योंकि वह बीमार थे।
सुबह 11:50 बजे पुलिस ने परिवार को अमित के कांशीराम अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पत्नी और अन्य स्वजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि परिवार की सहमति के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
राहगीरों अमित, रजनी कुमारी और संतोष ने बताया कि अमित कुमार सिंह लालबंगला चौकी क्षेत्र जितेंद्र गैस एजेंसी के पास सड़क से गुजर रहें थे, स्कूटी की गति भी थीमी थी, तभी अचानक स्कूटी से गिरकर बेहोश हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।