December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
दो दिनों से छाए बादलों और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच अब मौसम फिर करवट ले रहा है। शनिवार की रात तक आसमान में छाए बादलों के बाद रविवार को कानपुर और आसपास के जिलों में साफ आसमान और तेज धूप के साथ मौसम खुल गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सोमवार को पूरे कानपुर मंडल में तेज धूप निकलेगी और बादल लगभग नदारद रहेंगे। इससे लोगों को पिछले कई दिनों से चल रही उमस भरी गर्मी और लगातार हो रही बौछारों से राहत मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो रही हैं, जो उत्तर प्रदेश में शुष्क और साफ मौसम लेकर आएंगी। इन हवाओं के चलते आसमान एकदम साफ रहेगा और बारिश की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। हालांकि, बिहार से सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना अभी बनी हुई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा।
न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी रही और इसकी गति 1 से 11 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। शहर में 24 घंटे के भीतर कुल 13.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 3 दिनों यानी 7 अक्टूबर 2025 तक आसमान में ऊंचे और हल्के बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन समग्र रूप से मौसम साफ और धूप वाला रहेगा। हवाओं की गति इस दौरान अधिकतम 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हालांकि बारिश थमने के बाद भी वातावरण में नमी बनी रहेगी, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की उमस का एहसास रहेगा। दिन में धूप तेज रहने के कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।