
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर समेत यूपी में एक बार फिर से मौसम करवट लेने लगा है। पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं कड़ी धूप न होने से अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक शनिवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री था। हालांकि सोमवार सुबह से धूप भी निकली हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 3 मई तक कानपुर समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आज से 6 दिनों तक अधिकतम तापमान में भी राहत की उम्मीद है। हीटवेव और लू से लोगों को राहत मिल सकती है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं में नमी बढ़ी तो बादल बनने लगेंगे। सोमवार की शाम से मौसमी गतिविधियों में बदलाव आने की उम्मीद है।
अगर हवाएं आपस में टकरायी तो मौसम में अचानक बदलाव आएगा। इससे आंधी, गर्जना वाले बादल और बूंदाबांदी की संभावना है।