
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर की 6 साल की रेप पीड़िता बच्ची का इलाज पिछले एक हफ्ते से कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के आइसीयू में चल रहा हैं। यहां पर बच्ची अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं। बच्ची की आंखों की सूजन कम होने पर वह अपनी आंख पूरी तरह से खोल रही हैं। डॉक्टरों ने भी राहत की सांस लेते हुए बच्ची को दुलारा है।
बाल रोग विभाग के डॉ. आरके त्रिपाठी और डॉ. यशवंत राय बच्ची का उपचार कर रहे हैं। बच्ची ने आंख खोली तो डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की आंख की रोशनी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। सिर पर तेज वार से दाई आंख पूरी तरह से सूज गई थी, जिसके कारण वो आंख नहीं खोल पा रही थी। करीब 4 दिन बाद बच्ची ने पूरी तरह से आंख खोली।
बच्ची अब अपनी मां से बोल भी रही हैं। अब उसे बोलने में पहले की तरह दिक्कत नहीं है। बच्ची को बेड से नीचे उतार कर चलाया भी गया है। डॉक्टरों ने बच्ची को दूध, जूस और फल देने को कहा हैं।
रेप पीड़िता परिवार से किसी भी प्रकार की दवा या अन्य सामान का खर्च नहीं लिया जा रहा है। अगर कोई दवा अस्पताल में उपलब्ध नहीं है तो भी उसे डॉक्टर लोग अपने पास से बाहर से मंगवाते हैं।
घाटमपुर में 11 जून की शाम घर के बाहर खेल रही 6 साल की बच्ची से पड़ोस में रहने वाले कल्लू सचान ने रेप की कोशिश की थी। बच्ची के चिल्लाने पर उसे सिर पर पत्थर से वार कर घायल कर दिया था। घटना के बाद बच्ची बेहोश हो गई थी।
तब से उसका इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की एक टीम बच्ची की लगातार निगरानी कर रही है। हालांकि अब डॉक्टरों का कहना है कि सिर का घाव धीरे-धीरे भर जाएगा, फिलाहल अब बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। एक दो दिन में उसको छुट्टी भी दे दी जाएगी।






