
संवाददाता
कानपुर। नगर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और खुशखबरी है। इस बार रणजी मुकाबलों की शुरुआत ग्रीनपार्क स्टेडियम से होगी। बीसीसीआई ने सबसे बड़ी घरेलू श्रंखला को लेकर तिथि निर्धारित कर दी है।
भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन वनडे मैचों की मेजबानी के बाद अब ग्रीन पार्क स्टेडियम रणजी ट्रॉफी के रोमांच का गवाह बनेगा। रणजी ट्रॉफी की शुरुआत 15 अक्टूबर से हो रही है और उत्तर प्रदेश की टीम अपने घरेलू मैदान पर आंध्र प्रदेश के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी।
पिछले सीजन में नॉकआउट से पहले ही बाहर होने वाली यूपी टीम इस बार नए कोच के साथ मैदान में उतरेगी। पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी का कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब टीम को नया कोच मिलेगा। हालांकि कौन कोच होगा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई हैं। यूपीसीए भी इस बार कोच को लेकर काफी गंभीर दिखाई दे रही है।
इस बार यूपी टीम को दो चरणों में कुल सात मैच खेलने हैं। पहले चरण में पांच मुकाबले होंगे, जिनमें से तीन ग्रीनपार्क में खेले जाएंगे। पहला मैच 15 अक्टूबर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेला जाएगा। दूसरा मैच 25 अक्टूबर से उड़ीसा के खिलाफ और तीसरा मैच 8 नवंबर से नागालैंड के खिलाफ खेला जाएगा।
यूपी टीम का लगातार एक ही मैदान पर अभ्यास और मैच खेलना उसके प्रदर्शन को मजबूती देगा।
दूसरे चरण में टीम को दो मैच खेलने हैं। 22 जनवरी को झारखंड के खिलाफ मेरठ में मुकाबला होगा। 29 जनवरी को गत चैंपियन विदर्भ के खिलाफ नागपुर में मैच खेला जाएगा।
टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने लगातार घरेलू मुकाबलों की मेजबानी मिलने पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रीन पार्क सिर्फ एक स्टेडियम नहीं, हमारी धरोहर है। यहां लगातार मैच होते रहेंगे तो इसकी चमक हमेशा कायम रहेगी।
रणजी ट्रॉफी में यूपी टीम का शेड्यूल इस प्रकार है:-
यूपी बनाम आंध्र प्रदेश, 15 अक्टूबर, ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर।
यूपी बनाम उड़ीसा, 25 अक्टूबर, ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर।
बड़ौदा बनाम यूपी, 1 नवम्बर, वडोदरा।
यूपी बनाम नागालैंड, 8 नवम्बर, ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर।
तमिलनाडु बनाम यूपी, 16 नवम्बर, कोयम्बटूर।
यूपी बनाम झारखंड, 22 जनवरी, मेरठ।
विदर्भ बनाम यूपी, 29 जनवरी, नागपुर।






