April 1, 2026

संवाददाता
कानपुर। आज पूरा विश्व जिस अमानवीय तनाव और युद्ध की आशंका से जूझ रहा है, उसके बीच कानपुर में एक अलग ही पहल देखने को मिली। कुछ देशों की महत्वाकांक्षा ने जहाँ पृथ्वी को विनाश के कगार पर ला खड़ा किया है, वहीं आध्यात्मिक साधना और सामूहिक संकल्प के माध्यम से मानवता की रक्षा का सशक्त प्रयास किया गया।

प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नवीन नगर सेंटर की इंचार्ज बीके अर्चना दीदी के पावन सान्निध्य में एक विशेष राजयोग साकाश सेवा और शांति यज्ञ का आयोजन हुआ। यह आयोजन कानपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति स्वर्गीय सर्वज्ञ सिंह कटियार के निवास स्थान पर हुआ, जहाँ उनके सुपुत्र बीके रितेश कटियार भाई के कुशल मार्गदर्शन में यह शांति साधना संपन्न हुई।

कार्यक्रम में सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। पूर्व आयकर अधिकारी शरद प्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ साहित्यकार और समाजसेविका सीमा अग्रवाल ‘जागृति’ ने विशेष रूप से भाग लेकर इस पहल को बल दिया। राजयोग सभा का सुव्यवस्थित संचालन बीके राजेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव (एडवोकेट) ने किया, जिन्होंने उपस्थित सभी को राजयोग की गहराई से अवगत कराया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार के साधक जुटे। बहनों में बीके स्वर्णलता, ममता, प्रियंका, स्वाति, अनुपम, किरण, मंजू गोयल, मधु जैन, नीता, संतोषी तथा भाइयों में बीके वीरेंद्र सिंह, रिंकू जायसवाल, रामसेवक चौरसिया सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ध्यान और योग के माध्यम से विश्व शांति का दृढ़ संकल्प लिया।

बीके अर्चना दीदी ने कहा, “आज समय की मांग है कि नकारात्मक शक्तियों को केवल प्रतिक्रिया से नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा के सामूहिक प्रवाह से परास्त किया जाए। यह राजयोग यज्ञ इसी दिशा में एक छोटा, लेकिन अत्यंत गहरा और अर्थपूर्ण प्रयास है।”

यह आयोजन यह संदेश देता है कि जब विश्व स्तर पर हाहाकार मचा हो, तब आध्यात्मिकता और मानवीय चेतना का यह संगम एक बड़ी उम्मीद की किरण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News