• स्थानीय लोगों ने सड़क पर लगाया जाम।

संवाददाता
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के राजीव नगर में एक 50 साल पुराने बरगद के पेड़ को काटे जाने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने जूडियो शोरूम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बरगद का पेड़ न सिर्फ पुराना था, बल्कि उनकी आस्था का केंद्र भी था। क्षेत्र की महिलाएं यहां नियमित रूप से वट सावित्री की पूजा करती थीं। यह इलाके का एकमात्र बड़ा पेड़ था, जहां लोग गर्मी में छांव का सहारा भी लेते थे।
स्थानीय निवासी शीलू गुप्ता ने आरोप लगाया कि पेड़ की सिर्फ छंटाई करने की अनुमति ली गई थी, लेकिन उसे पूरी तरह जड़ से काट दिया गया। इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने मांग की है कि पेड़ के स्थान को संरक्षित करके वहां मिट्टी और खाद डालकर पेड़ को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जाए।
स्थानीय निवासी विनय त्रिवेदी ने बताया कि इस पेड़ पर सैकड़ों महिलाएं पूजा करती थीं और आने वाली अक्षय तृतीया पर भी पूजा करने की तैयारी थी। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत और वीडियो वायरल करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, और मौका मिलते ही पेड़ काट दिया गया।
क्षेत्रीय पार्षद जितेंद्र चौरसिया ने आरोप लगाया कि जूडियो के निर्माण कार्य में मानकों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने कानपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों पर लापरवाही और अनदेखी के आरोप लगाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वे स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे और 50 नए बरगद के पेड़ लगाएंगे।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।






