
आ स. संवाददाता
कानपुर। नागापुर स्थित भगवान परशुराम मंदिर में अक्षय तृतीया पर जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। चाणक्य वंशज सेवा समिति ने पूर्व मंत्री अनंत मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
विकास खंड सरसौल के नागापुर गांव स्थित इस मंदिर में हनुमान जी और मां गंगा की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर के पुजारी रामबाबू त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्यक्रम 29 अप्रैल को सुबह 8 बजे भगवान श्री राम के राज्याभिषेक से शुरू होगा। इसमें चित्रकूट के आचार्य पंडित अनिल त्रिपाठी शामिल होंगे।
30 अप्रैल को सुबह 9 बजे कार्यक्रम का समापन होगा। पहले दिन सुबह 10 बजे से 51 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार किया जाएगा। शाम 5 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें इंडियन आइडल विजेता ध्रुव शर्मा और सुवर्णा माथुर भजन प्रस्तुत करेंगे।
पुजारी रामबाबू त्रिपाठी ने सभी ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया है। बैठक में चाणक्य वंशज सेवा समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।