March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  उप्र रोजगार मिशन के अंतर्गत इजराइल में 2600 कुशल निर्माण श्रमिकों की सीधी भर्ती की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। प्री-स्क्रीनिंग और प्रोफेशनल टेस्ट ड्राइव का आयोजन 19 नवम्बर से शुरू होकर 15 दिसम्बर तक यदुपति सिंघानिया वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन कैंपस, कमला नगर, कानपुर में होगा। 

एनएसडीसी और कंस्ट्रक्शन स्किल डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया की देखरेख में होने वाले इस आयोजन में 10,000 से अधिक अभ्यर्थियों के आने का अनुमान है।
19 नवम्बर से अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग शुरू हो गई, जिसके बाद प्री-स्क्रीनिंग और फिर इजराइल चयन समिति की ओर से फाइनल स्किल टेस्ट लिया जाएगा। फाइनल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को एनएसडीसी के माध्यम से ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।
वीज़ा, पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल फॉर्मेलिटी पूरी होने के बाद चयनित श्रमिकों को इजराइल भेजने की जिम्मेदारी भी एनएसडीसी ही निभाएगा। प्रशासनिक स्तर पर यह उम्मीद जताई जा रही है कि यह प्रक्रिया प्रदेश के कुशल श्रमिकों को वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान दिलाएगी।
टेस्ट ड्राइव के दौरान भीड़ नियंत्रण और निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन और सेवायोजन विभाग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रवेश द्वार पर हर अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड सत्यापित किया जा रहा है। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि पहचान से जुड़ी कोई ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।
जिन अभ्यर्थियों ने एक से अधिक ट्रेड में आवेदन किया है, उन्हें केवल उसी ट्रेड की टेस्ट ड्राइव में शामिल होने दिया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने पहली बार आवेदन किया था। विभाग का कहना है कि इससे मूल्यांकन में शुचिता बनी रहेगी।
इजराइल चयन समिति के निर्देशों के तहत, पूर्व में आयोजित इजराइल भर्ती टेस्ट ड्राइव में शामिल अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में पात्र नहीं माने जाएंगे। चयन समिति का मानना है कि नए अभ्यर्थियों को अवसर देना प्राथमिकता है।
टेस्ट ड्राइव परिसर में सभी अभ्यर्थियों को जूते पहनकर आना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चप्पल या सैंडल पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। । टेस्ट के दौरान प्रयुक्त होने वाले सभी औजार और सामग्री संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।