July 13, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  मौसम विभाग ने आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके बाद ओलावृष्टि के साथ बारिश भी हो सकती है। तीन मौसमी सिस्टम एक साथ बनने से आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
बादलों की आवाजाही और नम हवाओं के आने से दिन और रात दोनों गर्म रहे। अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 37.6 डिग्री तापमान दर्ज किए गए। वहीं न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री बढ़कर 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 6.3 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक आंधी और बारिश के चलते तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बादलों की आवाजाही के चलते रात के तापमान भी  चढ़ रहे हैं। लेकिन आंधी-बारिश के साथ बढ़ते तापमान से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बीते गुरुवार से एक साथ कई मौसम प्रणालियां काम कर रही हैं। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है।
एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम ईरान और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी असम और एक पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव 20 अप्रैल तक जारी रह सकता है। अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज वर्षा हो सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी संभव है। कानपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है।