
आ स. संवाददाता
कानपुर। कई मुकदमों में पुलिस की पकड से फरार चल रहे शातिर अपराधी की पुलिस के साथ मुठभेड हो गयी, जिसमें पुलिस की गोली पैर में लगने वह घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान गोतस्कर आकिब के रूप में की गयी, जो पुलिस की आंखों में बीते कई सालों से धूल झोंक कर फरारी काट रहा था।
चकेरी थानाक्षेत्र के सनिगवां में पुलिस की गोतस्कर से हुई मुठभेड़ में गोली मारकर गोतस्कर को दबोच लिया गया। उसको इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपित पर हत्या के प्रयास, लूट, बलवा समेत दस से अधिक संगीन धाराओं के मुकदमें दर्ज है।
डीसीपी पूर्वी एसके सिंह के मुताबिक चकेरी पुलिस व सर्विलांस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चिश्ती नगर सनिगवां निवासी आकिब को आता देख पुलिस ने रोका। आरोपित ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी। जिससे आरोपित घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपित आकिब के खिलाफ नौबस्ता, जूही, किदवई नगर, हनुमंत विहार समेत अन्य थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, बलवा समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपित गोतस्कर भी है।