February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर। कल्याणपुर पुलिस ने एक परिवार का खोया हुआ बैग 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। इस बैग में लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 80 हजार रुपये नकद सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। पुलिस की तत्परता से हरेश कुमार मिश्रा नामक व्यक्ति को उनका सामान सुरक्षित वापस मिल गया।
सरिता विहार, नई दिल्ली निवासी हरेश कुमार मिश्रा अपने पैतृक गांव जोत रसूलाबाद, कानपुर देहात आ रहे थे। वे श्रम शक्ति एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचे और सिविल लाइंस गए। सिविल लाइंस से ऑटो द्वारा कल्याणपुर क्रॉसिंग पहुंचने पर उनका बैग ऑटो में ही छूट गया।
बैग छूटने का पता चलते ही हरेश कुमार ने तत्काल कल्याणपुर थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की।
चौकी प्रभारी इंदिरा नगर, उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह और अन्य चौकी स्टाफ ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगभग 24 घंटे की गहन जांच के बाद संबंधित ऑटो की पहचान की गई और उसके चालक से संपर्क स्थापित किया गया।
पुलिस ने ऑटो चालक से बैग बरामद करके हरेश कुमार मिश्रा को सुपुर्द कर दिया। बैग की जांच करने पर उसमें एक सोने का हार, तीन सोने की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, नौ सोने की अंगूठियां, एक मांग बेदी, एक लॉकेट, लगभग 80,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और बच्चों के कपड़े सहित सभी सामान सुरक्षित पाए गए।
पुलिस की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से हरेश  और उनके परिवार ने राहत की सांस ली। हरेश कुमार मिश्रा ने इंदिरा नगर चौकी पर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। 

Related News