April 18, 2026

— गांजा सहित 7 महिलाएं और 1 युवक गिरफ्तार।

संवाददाता 

कानपुर। पुलिस थाने से बेहद करीब गांजे की तस्करी का करोबार हो रहा था। ड्रोन कैमरो से निगरानी करने के बाद पुलिस ने छापा मारकर माल के साथ गांजा तस्करो को गिरफ्तार किया है।
सचेंडी कस्बे में पुलिस ने हाईटेक तरीके से बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करों के ठिकाने पर छापा मारा। तीन ड्रोन कैमरों के साथ 70 पुलिस वालों ने पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने दौड़ाकर सात महिलाओं समेत एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 3.3 किलो गांजा और 92 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि अवैध गांजा कारोबार सचेंडी थाने से महज कुछ दूरी पर ही संचालित हो रहा था। 

एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके और ट्रेनी आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में टीम ने ड्रोन से निगरानी करके छापेमारी की, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस को लगातार अवैध गांजा तस्करी की सूचना मिल रही थी।

इस छापे की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 किलो 300 ग्राम गांजा और करीब 92 हजार रुपए नकद बरामद किए। कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान ड्रोन फुटेज के आधार पर की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पान मसाले की गुमटियों से गांजा बेच रहे थे। एक पुड़िया करीब 3 ग्राम की होती थी, जिसे 50 रुपये में बेचा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, ये लोग रोजाना हजारों पुड़िया बेचते थे और बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
छापेमारी में माया गिहार, करिश्मा गिहार, दीपा समेत सात महिलाओ सहित युवक इंद्रपाल गिहार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बिधनू, कंजड़न पुरवा में मध्य प्रदेश से गांजा सप्लाई किया जा रहा था।
पुलिस फरार आरोपियों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन के जरिए निगरानी कर ऐसे अवैध कारोबारों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।