March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
आई लव मोहम्मद के साइन बोर्ड विवाद के बाद जुमे की नमाज पर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। शहर काजी और मुस्लिम धर्म गुरुओं ने भी किसी तरह का विरोध और प्रदर्शन नहीं करने की अपील की थी। देर रात से ही अफसरों ने खुद सड़क पर उतरकर सेंसटिव इलाकों का जायजा लिया था। इसके साथ ही रावतपुर और यतीमखाना समेत अन्य इलाकों में पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई थी।
शहर काजी अब्दुल कुद्दूस हादी ने जुमा की नमाज पर शांति की अपील करते हुए कहा था कि आई लव मोहम्मद को लेकर पूरे मुल्क में उठे विवाद के बाद कानपुर का माहौल भी बहुत अच्छा नहीं है। हमारी शहर के जिम्मेदारों से गुजारिश है कि अपने-अपने इलाके में निगाह रखें और बच्चों को जुलूस निकालने से रोकें। क्योंकि अब पुलिस भी सख्त होती नजर आ रही है। अगर यही हाल रहा तो शहर की अमन और शांति को नुकसान पहुंचेगा। इसलिए मेरी गुजारिश है कि हर इलाके में जिम्मेदार लोग पूरी निगरानी बनाए रखें। जुमा होने के चलते इलाके के सभ्रांत लोगों के साथ ही इमाम और मुतवल्ली की भी जिम्मेदारी है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मदद करें।
कोई भी आदमी कानून को अपने हाथ में न ले।

कानपुर के अफसरों के साथ हमारी कई बार बैठक हुई है। हमारे सामने सारे तथ्यों को रखा गया है। एफआईआर जो हुई है आई लव मोहम्मद के नाम पर जो चर्चा में है। यह एफआईआर आई लव मोहम्मद के नाम पर नहीं, बल्कि पोस्टर फाड़ने पर हुई है।
इस वजह से शुक्रवार को जुमा की नमाज पर कानपुर पुलिस हाई अलर्ट मोड पर रही। 

डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी और डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता समेत अन्य अफसर खुद सड़क पर उतरे और रावतपुर, यतीमखाना समेत अन्य मुस्लिम सेंसटिव इलाकों का जायजा लिया। पब्लिक से बात करके उन्हें समझाते हुए शांति की अपील की । 
कानपुर के रावतपुर में 4 सितंबर को बारावफात व रोशनी के त्योहार पर आई लव मोहम्मद का साइन बोर्ड लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने खुद वादी बनकर धार्मिक पोस्टर बैनर फाड़ने पर एक एफआईआर दर्ज की थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि कानपुर ही नहीं यूपी और देश-विदेश में इस बात को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। 

जबकि पुलिस अफसरों ने साफ तौर पर बताया है कि यह एफआईआर आई लव मोहम्मद लिखने पर नहीं हुई थी, बल्कि यह एफआईआर धार्मिक पोस्टर बैनर फाड़ने पर हुई है। इसे जबरन आई लव मोहम्मद के साइन बोर्ड से जोड़कर देखा जा रहा है।