February 16, 2026

संवाददाता

कानपुर।  पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो शातिरों को दबोच लिया। आरोपी एटीएम बूथ में ग्राहकों की मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से रकम पार कर देते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी कई एटीएम बूथों में इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पकड़े गए शातिरों से पूछताछ करके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
रतनपुर इलाके का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पुलिसकर्मी एक युवक को दौड़ाकर पकड़ते हुए नजर आए। जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर एटीएम बूथ में लोगों को झांसा देता था। उसका दूसरा साथी पहले ही कल्याणपुर क्षेत्र से पकड़ा जा चुका था। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और आशंका है कि इनके नेटवर्क में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एटीएम बदलकर रकम निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। हुलिए के आधार पर दो संदिग्धों को उठाया गया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिनमें से एक को मौके से और दूसरे को रतनपुर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कुछ अहम जानकारियां मिली हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। 

Related News