October 23, 2024

कानपुर। महिला का पर्स चोरी होने के बाद मदद का झांसा देकर बलात्कार करने वाले आटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की शिकार महिला श्रावस्ती जिले की बतायी जा रही है,झकरकटी बस अडडे पर पर्स खोने से वह रो रही थी कि आटो चालक ने महिला के अकेले होने का पूरा फायदा उठाया और उसका बलात्कार कर डाला। पुलिस की पूछताछ में आटो चालक ने पूरी घटना को कुबूल किया है। आटो चालक ने बताया कि दूसरे जिले की अकेली महिला को देखकर उसकी नीयत खराब हो गई थी। इस वजह से उसने झांसा देकर उसे कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी आटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि श्रवास्ती निवासी 40 वर्षीय महिला से रेप के आरोपी आटो चालक खटिकाना बजरिया निवासी मंगू लाल को अरेस्ट कर लिया है। पूछताछ के दौरान मंगू लाल ने वारदात को स्वीकार किया है। मंगू लाल ने बताया कि शनिवार देर शाम उसने शराब पी ली थी। उसने झकरकटी बस अड्‌डे पर महिला को रोते हुए देखा तो उससे पूछा कि क्या हो गया बहन जी। बहन जी कहकर बात करने पर महिला ने भरोसा जताते हुए कहा कि उसका पर्स चोरी हो गया है। वह श्रावस्ती की रहने वाली है। फतेहपुर जाना है, लेकिन अब कैसे जाएगी कुछ समझ नहीं आ रहा है। इसके बाद मंगूलाल ने उसे झांसे में लिया कहा कि बहन जी आइए आप हमारे साथ चलिए हम आपको घर तक पहुंचवाने का इंतजाम करवाते हैं। इसके बाद झांसा देकर घर ले गया और बंधक बनाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सोमवार को सर्विलांस की मदद से आरोपी आटो चालक मंगूलाल को अरेस्ट कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। मामले को छिपाने और अफसरों को गुमराह करने पर बजरिया थाना प्रभारी की शिकायत अफसरों से की गई है। उन्हें चेतावनी भी दी गई है कि दोबारा इस तरह की गंभीर वारदात में अगर अफसरों को गुमराह किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बजरिया थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल और मजिस्ट्रेटी बयान कराने की प्रक्रिया सोमवार को की जा रही है। इसके बाद उसे घर तक पहुंचाने का इंतजाम भी पुलिस की तरफ से ही किया जाएगा।