October 17, 2025

संवाददाता
कानपुर।
नगर में धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पूजा के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाके और संवेदनशील स्थलों का गहन भ्रमण किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन के लिए सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और तकनीकी टीम को अलर्ट मोड में रखने के आदेश दिए।
साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और चिंताओं को भी सुना।
इसके अतिरिक्त विभिन्न चेकिंग पॉइंट्स पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफिंग देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि त्योहारों के समय सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।