February 24, 2026

संवाददाता 

कानपुर। 2 साल की बच्ची को बोरे में भरकर भाग रही महिला को लोगों ने दबोच लिया। भीड़ ने महिला की पिटाई कर दी। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची  घर के बाहर खेल रही थी। महिला ने उसे टॉफी का लालच दिया और अपने साथ ले गई। कुछ दूरी पर ले जाकर महिला ने बच्ची को बोरे में भर लिया। बच्ची रो रही थी। आवाज सुनकर आसपास के लोगों को शक हुआ। लोगों ने महिला को रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगी। इसके बाद शक और बढ़ गया।

लोगों ने 100 मीटर तक दौड़ाकर महिला को पकड़ लिया। बोरा खोलकर देखा तो उसमें मासूम बच्ची थी। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। घटना पनकी इलाके की है।

पनकी थाना क्षेत्र की कच्ची बस्ती में रहने वाले अजब सिंह यादव मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी पूजा और दो साल की बेटी है। मां पूजा ने बताया कि बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक महिला आई और टॉफी देने के बहाने उसे अपने साथ ले गई।

कुछ दूर ले जाकर महिला ने बच्ची को बोरे में भर लिया, तभी आसपास के लोगों ने बोरे से रोने और चिल्लाने की आवाज सुनी। शक होने पर लोगों ने महिला को पकड़ लिया। बोरा खोलते ही बच्ची को देखकर सभी के होश उड़ गए। गुस्साए लोगों ने महिला की पिटाई भी कर दी।

इसी दौरान शोर सुनकर अजब सिंह यादव और उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे। माता-पिता को देखते ही बच्ची रोने लगी। बच्ची के बच्ची के पिता अजब सिंह ने बताया- एक ड्राइवर ने आकर हमें बताया कि आपकी बेटी को कोई महिला उठाकर ले गई है।

हमारे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने सबसे पहले उसे देखा और शोर मचाया। इसके बाद लोगों ने दौड़ाकर महिला को पकड़ लिया। बच्ची के पिता अजब सिंह यादव ने कहा- हमने उस महिला को आज पहली बार देखा है।

मौके पर पहुंची पुलिस महिला को पकड़कर थाने ले गई। पूछताछ में महिला ने खुद को गोंडा की रहने वाली बताया है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

एसीपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और अपने माता-पिता के पास है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला अकेले काम कर रही थी या किसी गिरोह का हिस्सा है। वह किस मकसद से बच्ची को अपने साथ ले जा रही थी।

Related News