
संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर ब्लॉक स्थित विरतियान ग्राम पंचायत के गांवों में सीवर का पानी सड़कों पर जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सीवर का पानी जमा होने से गांव की मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई हैं। स्कूली बच्चों को हर सुबह इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। यह रास्ता तीन-चार गांवों को जोड़ता है, जिससे यहां से लगातार आवाजाही बनी रहती है।
ग्रामवासियों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत की गई है। हालांकि, उनकी शिकायत पर न तो नालियों की मरम्मत कराई गई है और न ही उनकी नियमित सफाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले पांच सालों से इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है।
समस्या की जानकारी देने वाले ग्रामीणों में राजकुमार, विनोद कुमार, मनजीत तिवारी, नवीन त्रिपाठी और सुरेंद्र प्रमुख रूप से शामिल हैं।
ग्राम प्रधान रवि कुमार ने स्वीकार किया कि ग्रामीणों ने उन्हें इस समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या का जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।
ग्राम पंचायत सचिव आकांक्षा सक्सेना ने भी बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है और वे जल्द ही इसका हल निकालने का प्रयास करेंगी।






