,—सूर्य ने उगली आग लोग तपिश से दिखे परेशान

आज़ाद संवाददाता
कानपुर। अब प्रचंड गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। कड़ी धूप ने लोगों को तेज गर्मी का अहसास कराया है। लंबे समय के बाद लू भी चली। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञान केंद्र पर दिन का पारा 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं कल भी हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सुबह से कड़ी धूप निकली हुई थी।
जून में यह पहली बार है कि अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। अब तक यह सामान्य से नीचे जा रहा था। शनिवार को दिन का पारा 40.4 डिग्री था जो रविवार को 1.9 डिग्री बढ़कर 42.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। 18 मई के बाद पहली बार इसने तपिश भरी गर्मी का भरपूर अहसास कराया। 18 मई को अधिकतम पारा 42.2 डिग्री रहा था।
वहीं मौसम विज्ञानियों ने कड़ी धूप में बेवजह घर या ऑफिस से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बेहद जरूरी कामकाज से निकलने वाले अंगौछे आदि को कान पर लपेट कर निकले।
रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। लेकिन अभी भी यह सामान्य से कम बना हुआ है। सीएसए में न्यूनतम पारा 27.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर तापमान 28.8 डिग्री रहा। हवा की रफ्तार कम रही। सुबह के वक्त उमस रही लेकिन तेज धूप से नमी कम होती चली गई। अधिकतम नमी 57 और न्यूनतम नमी 31 प्रतिशत रही।
आईएमडी के मुताबिक मंगलवार को हीट वेव का अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री या इसके करीब पहुंच जाएगा। सोमवार को प्रदेश के 19 जिले हिटवेव की चपेट में रहे। मंगलवार को 26 जिले हीट वेव की चपेट में रहेंगे।