
आ स. संवाददाता
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ स्थित न्यू हाईवे सिटी में चोरों ने रेकी कर एक ही रात में तीन घरों में चोरी को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने वाले चोर एक ही तरह के लिबास और मास्क पहन कर आए थे। एक घर में दाखिल होने से पहले तीनों सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। इस घटना को लेकर न्यू हाईवे सिटी की महिलाएं आक्रोशित हो गई। उन्होंने हंगामा किया। पुलिस जांच करने पहुंची तो उन्होंने पुलिस को भी घेर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही आरोपियों की तलाश कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
सोसायटी की लचर सुरक्षा व्यवस्था के चलते चोरों ने आईसीआईसीआई बैंक प्रबंधक कृष्ण गोपाल बाजपेई के घर से 10 हजार की नकदी व 2.40 लाख के जेवर चुराए। वह बीते सोमवार को शादी समारोह में शामिल होने उन्नाव गए थे, जब वह वापस लौटे तब चोरी का पता चला। सोसाइटी में रहने वाले शिक्षक ज्ञान आंनद तिवारी के घर से चोरों ने 40 हजार की नकदी व करीब 1.10 लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। वर्तमान में वह ककवन में परिवार के साथ रह रहे थे। जब वह वापस लौटे तो चोरी का पता चला। इसके आलावा अजीत सिंह के निर्माणाधीन मकान की वायरिंग उखाड़कर चोर करीब 1 लाख रुपये का बिजली का तार चुरा ले गए।
वहीं सतीश चंद्र के घर में आधी रात के बाद चोरों ने घर मे घुसने का प्रयास किया लेकिन घर मे घुसने में असफल रहे। घर मे घुसने की कोशिश कर रहे चोर सीसीटीवी में कैद हो गए।
एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से सोसाइटी की महिलाएं गुस्सा हो गई। उन्होंने सोसाइटी दफ्तर में जाकर खूब हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को शांत कराया। पुलिस ने जल्द और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। महिलाओं का ज्यादा गुस्सा इस बात पर था कि सोसाइटी में सिक्योरिटी होने के बाद चोर कैसे अंदर आ गए। हालांकि पुलिस जांच में पता चला है कि चोर बाउंड्री वॉल फांदकर दाखिल हुए थे। पुलिस को आशंका है कि घटना को अंजाम देने में सोसाइटी का कोई व्यक्ति शामिल है। जिसने रेकी कराई है।
सीसीटीवी कैमरे में जो तीन चोर दिख रहे हैं वो मेन गेट खोलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने एक ही जैसे कपड़े पहन रखे हैं और चेहरे पर मास्क लगा रखा है।
बिठूर इंस्पेक्टर के मुताबिक फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।