
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के रसूलपुर प्राथमिक विद्यालय में हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी संजीव दीक्षित ने शिरकत की। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, बच्चों और स्टाफ को शपथ दिलाई।
यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में स्वच्छता और सकारात्मक माहौल बनाना है। साथ ही छात्रों में अपने विद्यालय के प्रति सम्मान और गर्व की भावना जगाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी रवि कुमार सिंह, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष चंद्रदीप सिंह यादव और विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम कनौजिया सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। कानपुर के दिबियापुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में विशेष आयोजन हुआ। विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने एकजुट होकर पंच संकल्प लिया। विकास खंड सरसौल के सभी विद्यालयों में भी यही संकल्प दोहराया गया। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि सभी ने मिलकर विद्यालयों को तीर्थ स्थल बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आत्मा का अभिमान और राष्ट्र निर्माण का आधार है। इस सामूहिक संकल्प अभियान के गिनीज बुक में दर्ज होने की संभावना है। कार्यक्रम में महासंघ के कई पदाधिकारी शामिल हुए। कानपुर नगर के संयुक्त मंत्री डॉ. पवन मिश्रा पताखेड़ा प्राथमिक विद्यालय में उपस्थित रहे। ब्लॉक मंत्री विनय भेवली में, संगठन मंत्री शैलेन्द्र बाबी प्राथमिक विद्यालय में और ब्लॉक संरक्षक नीरज त्रिवेदी दलपतपुर में छात्रों के साथ शपथ ग्रहण में शामिल हुए। सभी विद्यालयों में स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।






