
आ स. संवाददाता
कानपुर। हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देश पर बांसमंडी स्थित गरीब नवाज मैरिज हॉल में हज तरबियती प्रोग्राम का आयोजन किया गया। काजी फैजान अली ने कुरान पाक की तिलावत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुफ्ती हिफजुर्रहमान ने मदीना मुनव्वरा में नमाज और जियारत संबंधी जानकारी दी। उन्होंने 40 रकात नमाज जमात से पढ़ने और नबी पाक के रोजे मुबारक पर दरूद पेश करने का तरीका बताया। साथ ही जन्नतुल बकी की जियारत के बारे में भी विस्तार से समझाया।
पूर्व मास्टर हज ट्रेनर प्रोफेसर अब्दुल कबीर खान ने हज यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों से अवगत कराया। हज कमेटी के ट्रेनर आतिफ सिद्दीकी ने लखनऊ से मदीना और मक्का के बीच की यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने सऊदी मुद्रा के उपयोग और एहराम बांधने का तरीका भी समझाया।
मुफ्ती मोहम्मद इकबाल कासमी ने हज के पांच दिनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने 7 जिलहिज्जा से शुरू होने वाली यात्रा, मीना में नमाज, अराफात के मैदान में दुआ, मुजदलिफा में मगरिब और ईशा की नमाज, और तवाफे जियारत के बारे में बताया।
कार्यक्रम में मोहम्मद हमीदुल्ला, सरदार अहमद खान, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद शकील, मोहम्मद नूजैम और कमाल भाई सहित कई लोग उपस्थित रहे।
अंत में मुफ्ती साहब ने देश में शांति के लिए दुआ की और तलबिया पढ़ने का अभ्यास कराया। हाजियों को तोहफे भी दिए गए। खादिमुल हुज्जाज सरदार अहमद खान ने सभी हाजियों और मुफ्ती साहबान का आभार व्यक्त किया।