February 22, 2026

संवाददाता
कानपुर।
सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित पंचमपुरवा के झुनझुनवाला कंपाउंड में एक बोरी फैक्ट्री में हाइड्रोलिक प्रेशर मशीन का पार्ट टूटकर गिरने से ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। 
मृतक की पहचान पंचमपुरवा निवासी अवधेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन फैक्ट्री पहुंच गए और शव को मशीन के पास रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
अवधेश लंबे समय से फैक्ट्री में हाइड्रोलिक मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। उनके बड़े भाई रामकुमार के अनुसार, हादसे के समय मशीन का ऊपरी प्रेशर पार्ट अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कर्मचारियों का आरोप है कि करीब डेढ़ कुंतल वजनी यह पार्ट काफी समय से खराब था और शिकायत के बावजूद फिटर व मालिक ने इसे ठीक नहीं कराया। फैक्ट्री के गार्ड परशुराम ने घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और कर्मचारियों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, मृतक के परिजन फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाने और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

Related News