March 11, 2026

संवाददाता

कानपुर। सहायक निदेशक मत्स्य सुनीता वर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। सभी आवेदन विभागीय पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इन योजनाओं में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, मछली विक्रय हेतु मोपेड विद आइसबॉक्स परियोजना तथा दक्षता विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसे प्रावधान शामिल हैं। प्रत्येक योजना के लिए पृथक रूप से आवेदन करना आवश्यक है। विस्तृत विवरण, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।

सहायक निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक पात्र आवेदकों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए। इस हेतु सोशल मीडिया, तहसील, ब्लॉक एवं कॉमन सर्विस सेंटर स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।