February 13, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
नगर की बेटी को उसके पति ने कैलिफोर्निया में प्रताड़ित करके घर से निकाल दिया। महिला ने पति के एक लाख डॉलर की मांग को पूरा नहीं किया था। इसपर उसे प्रताड़ित करके घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता की मां ने रावतपुर थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है। इसके साथ ही भारतीय दूतावास में सम्पर्क करके  बेटी को सकुशल वापस लाने के लिए मदद की गुहार लगाई है।
रावतपुर के बीमा विहार लखनपुर निवासी अंजू नारायण ने बताया कि उन्होंने अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी  अमेरिका के कैलिफोर्निया में एमएनसी कंपनी में काम करने वाले हरियाणा के फरीदाबाद निवासी कार्तिकेय गुप्ता के साथ की थी।शादी में उन्होंने करीब दो करोड़ रुपए खर्च किए थे।

उनकी बेटी के रिसेप्शन व मुंह दिखाई के कार्यक्रम में उसे उपहार में मिले करीब 80 लाख रुपए कीमत के गहने व आठ लाख की नकदी मिली थी। जिसे बेटी शिवांगी की सास डॉ. इंदु गुप्ता व ससुर केके गुप्ता ने अपने पास रख लिया था और  बेटी दामाद को कैलिफोर्निया भेज दिया था। आरोप है कि कैलिफोर्निया में कार्तिकेय ने शिवांगी से एक लाख डॉलर अतिरिक्त दहेज की मांग की। विरोध करने पर शिवांगी को मारपीट कर उसे प्रताड़ित करके घर से निकाल दिया। इस मामले की जानकारी पीड़िता बेटी ने अपने माता-पिता को ईमेल भेजकर दी।

जिस पर पीड़िता की मां ने रावतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही भारतीय दूतावास से संपर्क करके उनकी बेटी को सकुशल भारत वापस लाने के लिए मदद भी मांगी है। 

इंस्पेक्टर रावतपुर केके मिश्रा के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Related News