July 1, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  ठंड एक बार फिर से लौट सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 14 फरवरी से फिर से ठंड का अहसास बढ़ सकता है। कश्मीर और आसपास हुई  बर्फबारी और बारिश से मैदान गर्म होने लगे हैं।
कानपुर में अधिकतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक 28.4 डिग्री पहुंच गया। इसके विपरीत रात के तापमान में और कमी आई है। रात का तापमान 8.2 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के मुताबिक सर्दी अब 13 या 14 फरवरी से फिर वापस लौटेगी।
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल के ऊपर है। इस विक्षोभ के देरी से आगे खिसकने से कश्मीर व आसपास देर से बर्फबारी व बारिश शुरू हुई है। जिससे तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक रहा। हवा की दिशा दक्षिण पश्चिमी हो जाने से दिन के तापमान में वृद्धि हो गई है।
बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है। इस कारण लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। 

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 48 घंटों में उत्तर पश्चिमी तेज हवाओं के कानपुर मंडल सहित गंगा के मैदानी भागों तक पहुंचने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा। ऊंचे हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहने के आसार है। अगला विक्षोभ 25 फरवरी तक संभावित है। अब 13 या 14 फरवरी से तेज सर्द हवाओं से जो सर्दी शुरू होगी वह लंबी चलेगी।