
संवाददाता
कानपुर। कड़ाके की ठंड, कोहरा व शीतलहर के चलते नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल नौ व 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने आदेश जारी करते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा व स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शीत अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जनपद में संचालित नर्सरी से कक्षा 8 तक के समस्त बोर्ड के विद्यालयों में लागू होगा। इसका अनुपालन कड़ाई से कराया जाए।
बीते कई दिनों से कानपुर में शीतलहर व ठंड का कहर जारी है। सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है, जिसके कारण वाहनों की रफ्तार थम सी जाती है। इसके अलावा ओस की बूंदे गलन को बढ़ाने का काम कर रही है। बीते दिनों कानपुर का तापमान 4.2 डिग्री तक पहुंच गया था जो कि प्रदेश में सबसे कम था। हालांकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड के चलते सुबह के समय लोगों की कंपकपी छूट गई।
इसके अलावा दोपहर में भी धूप न निकलने से दिन का तापमान भी सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। दिन के समय भी शीतलहर ठंड को बरकरार रख रही है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल 48 घंटे तक इसी तरह का तापमान बना रहेगा।






