
संवाददाता
कानपुर। अनवरगंज में बेखौफ शोहदों ने रेप पीड़िता को सरेराह रोक कर उसकी पिटाई कर दी। फिर तेजाब फेंकने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर आरोपी नगर निगम कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर रेप किया और अश्लील वीडियो बना लिए।
अनवरगंज की रहने वाली युवती ने बताया कि चमनगंज निवासी वलीद अंसारी उर्फ सैफ से उसकी दोस्ती थी। इस दौरान उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया और रेप की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान उसने पीड़िता की अश्लील फोटो ले ली। इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर कई बार संबंध बनाए।
परेशान होकर पीड़िता ने अनवरगंज थाने में 6 फरवरी 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई। एफआईआर के 10 दिन बाद वलीद के भाई खालिद, फुरकान, शमशाद, अदीब ने धमकाया। तस्वीरों के नाम पर ब्लैकमेल कर घंटाघर के होटल में बुलाकर रेप किया। उसे आरोपियों ने इतना डराया कि इज्जत बचाने के लिए उसने 85 हजार रुपए कैश व 3 लाख कीमत के जेवरात भी दे दिया।
इसके बाद भी आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर फोटो वायरल कर स्टोरी लगाई। 23 मई 2025 को वह बेकनगंज थाने की ओर जा रही थी तभी वलीद, खालिद ने रोक लिया और होटल में ले जाने लगे। विरोध करने पर गालीगलौज कर बेरहमी से पीटा और तेजाब से फेंकने की धमकी दी।
वहां लोगों के विरोध करने पर आरोपी भाग गए। पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।






