आ स. संवाददाता
कानपुर। हिस्ट्रीशीटर के भाई ने साथियों संग मिलकर युवक से शराब के लिए वसूली करने की कोशिश की। विरोध पर पीटा। इसके बाद युवक को धमकी भी दी।
नानकारी आईआईटी कल्याणपुर निवासी अमित सिंह चौहान प्राइवेट नौकरी करते हैं। अमित के मुताबिक, उनके मोहल्ले में उपेन्द्र सिंह उर्फ लोहा सिंह और गोलू गंजा रहते हैं।
इस प्रकरण की शुरुआत 26 दिसम्बर 2024 को हुई थी।
उसके भाई रोहन सिंह चौहान की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसी के गम में परिवार में रोना पिटना मचा था। जिसके कारण वो शराब ठेके पर चला गया। वो शराब लेकर लौट रहा था तभी रास्ते में लोहा सिंह और गोलू गंजा मिल गए।
अमित के मुताबिक उससे शराब के लिए लोहा सिंह ने जबरन रुपए मांगे। इस पर अमित ने विरोध किया, तो बाकी साथियों के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीटा गया। ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। वो सीधे मंधना चौकी चला गया। पुलिस ने उसे लिखित तहरीर देने और अपना उपचार कराने के लिए कहा। इस पर उसने उपचार कराया। तहरीर दे दी। लेकिन, पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद 5 जनवरी को फिर से उन लोगों ने उसे मारा पीटा। 6 जनवरी को फिर से अमित ने प्रार्थना पत्र दिया।
अमित के मुताबिक, 9 जनवरी को पुलिस ने दोनों को बुलाया। वहां बातचीत के बाद समझौता हो गया
इसके बाद भी लोहा सिंह और उसके लोगों ने फोन पर धमकी देना नहीं छोड़ा। उसने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि जिसने लोहा सिंह को हाथ लगाया है, उसे वो जबतक यूरिन न पिला दे तो नाम लोहा सिंह नहीं होगा। साथ ही गालियां दी।
इसके बाद 26 जनवरी को फिर से आरोपी घर पर पहुंच गए और मारपीट करने पर आमादा हो गए। तब उसने डीसीपी वेस्ट से शिकायत की जिसके बाद कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज हो सकी।
एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पाण्डेय के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसमें तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दोनों पक्षों ने पूर्व में समझौता भी किया था मगर वो टिका नहीं। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।