March 10, 2026

संवाददाता

कानपुर। शक्ति साधना के महापर्व नवरात्रि पर युगदधीचि देहदान संस्थान ने शक्ति स्वरूपा नगर की नौ देवियों को मंच पर प्रतिष्ठित कर उनका वन्दन किया, फिर उन्हीं की साक्षी में इक्यावन लोगों को अंगदान, देहदान की शपथ दिलाई गई।

जी.एस.वी.एम. मेडिकल कालेज के एल.टी. वन सभागार में आयोजित इस अनू‌ठे समारोह में मुख्य अतिथि विधायक नीलिमा कटियार के साथ अटल जी की पौत्री नन्दिता मिश्रा, राज्य महिला आयोग सदस्य अनीता गुप्ता, शिक्षाविद् डा. अलका दीक्षित, आई.एम.ए.महासचिव डा. शालिनी मोहन, रोटरी क्लब मेट्रो अध्यक्ष तरु‌णा सरदाना, रोटरी क्लब सेण्ट्रल की महासचिव डा. नीलम त्रिवेदी, एनाटमी प्रमुख डा. सुनीति पाण्डेय एवं डा. रचना दुबे ने नौ देवियों के रूप में स्वयं भी शपथ ली।

विधायक नीलिमा कटियार ने उपस्थित इक्यावन संकल्प कर्ताओं को देहदान की शपथ दिलाई, समारोह संरक्षक पं. जगतवीर सिंह द्रोण ने सभी मातृ शक्तियों को अंगवस्त्र समर्पित कर सम्मान किया, संस्था प्रमुख मनोज सेंगर ने बहनों का चरण स्पर्श करते हुये उनका स्वागत किया, महासचिव माधवी सेंगर ने मुक्ता मालायें पहना कर मातृ शक्ति से आशीर्वाद की कामना की।

सुमित मिश्रा एवं शरद प्रकाश अग्रवाल ने देहदानियों को प्रशस्तिपत्र व बैच प्रदान किये, प्रकाश धवन एव सीमा अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। 

मनोज सेंगर ने बताया कि अब देहदान अभियान का विस्तार पूरे प्रदेश में हो चुका है, यदि कानपुर की बात करें तो यहाँ 2700 संकल्पकर्ता हैं,  पूरे प्रदेश में यह संख्या 4100 से अधिक है। अब तक 307 देह प्रदेश के दर्जनों सरकारी मेडिकल कालेजों को सफलता पूर्वक समर्पित की जा चुकी है जिसमें एम्स गोरखपुर और एम्स रायबरेली भी शामिल हैं।

कार्यक्रम में मेडिकल कालेज के छात्र छात्रायें भी उपस्थित रहे, आयोजन को वैदिक शान्ति पाठ के साथ विराम दिया गया ।