February 18, 2026

आ स. संवाददाता  
कानपुर।
लोक निर्माण विभाग ने खास तकनीक से सड़कों को बनाने पर काम शुरू किया है। पहली बार सड़क को फुल डेफ्ट रेक्लमेशन तकनीक से बनाया जाएगा। अभी तक इस तकनीक से कोई भी सड़क नहीं बनाई गई है। इस तकनीक से पीडब्लूडी द्वारा पहली सड़क कानपुर नगर में बनेगी। इसी तकनीक में पुरानी सड़क को ही  रिसाइकिल किया जाएगा।
नगर के चौबेपुर से बंदीमाता जाने वाले व्यस्त मार्ग की हालत काफी खराब है। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग को फोरलेन बनाने की योजना तैयार की है। इस प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। पीडब्लूडी अधिकारियों के मुताबिक, चौबेपुर से बंदीमाता का 9.2 किलोमीटर तक का मार्ग इस नई तकनीक से बनाया जाएगा।
पीडब्लूडी के चीफ इंजीनियर के मुताबिक इस सड़क के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। निर्माण के लिए कंपनी नामित हो चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। कानपुर में पहली बार सड़क एफडीआर तकनीक से बनाई जाएंगी।

इस एफडीआर तकनीक में वर्तमान सड़क की गिट्टी को निकाल कर उसे बारीक टुकड़ों में तोड़ा जाता है। इसके बाद सड़क की गिट्टी को रिसाइकिल किया जाता है। इसके बाद सड़क पर गिट्टी को समतल किया जाता है। सीमेंट में चिपकने वाले केमिकल का घोल तैयार करके उसे सतह पर डाला जाता है।
इसके बाद रिसाइकिलर और मोटरग्रेडर से रोल करके उस पर पैडफुट रोलर और कांपैक्टर चलाया जाता है। ताकि गिट्टी ठीक तरह से बैठ जाए।
इसके बाद यातायात का दबाव झेलने के लिए सतह के रूप में स्ट्रेस एब्साइबिंग इंटर लेयर तैयार करके उसके ऊपर पेवर मशीन से बिटुमिन कंक्रीट बिछाई जाती है और फिर रोलर चलाया जाता है। 

Related News