
संवाददाता
कानपुर। नगर की बेटी निराली ने राजस्थान के जयपुर स्थित आरएसएससी ओएसिस शूटिंग रेंज में आयोजित 48वीं जूनियर स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी शानदार निशानेबाजी से शहर का नाम रोशन किया।
30 अगस्त से 7 सितम्बर तक चली इस प्रतियोगिता में निराली ने अपनी सटीकता और आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया।
मदर टेरेसा मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा निराली ने 10 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा व्यक्तिगत वर्ग में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
यही नहीं, निराली ने 22 जूनियर कैटेगरी में 25 मीटर और 50 मीटर दोनों इवेंट्स में क्वालीफाई कर यह साबित कर दिया कि वह लंबी दूरी की निशानेबाजी में भी मजबूत दावेदार हैं।
निराली की इस सफलता पर उनके परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल है। निराली के प्रशिक्षको का कहना है कि निराली का यह प्रदर्शन आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बहुत कम उम्र में जो उपलब्धि हासिल की है, वह भविष्य में उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।






