July 9, 2025

संवाददाता

कानपुर।  बिल्हौर में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि उसकी शादी 6 अप्रैल को चकेरी निवासी मोबीन से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करते हैं। उसने यह भी बताया कि पति अपने चार दोस्तों को घर बुलाता है। वो लोग जबरन उसका घूंघट उठाकर अभद्र मजाक करते हैं और छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर पति और ननद उसके साथ मारपीट करते हैं।

पीड़िता इस समय गर्भवती है। वह कहती है कि अब ससुराल वाले उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहे हैं।

थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास, ननद, नंदोई और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।