March 11, 2025

—पहली किस्त जारी

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजना वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 38.19 करोड़ से शहर में 5 कार्यों को स्वीकृति मिली है। 

सीएम वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नेहरू नगर चौराहे का सुंदरीकरण कार्य जल्द शुरू होगा। 48.98 लाख रुपए से विकसित होने वाले इस चौराहे को लेकर शासन ने पहली किश्त जारी कर दी है। पहली किश्त की धनराशि के रूप में 24.49 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। अब नगर निगम जल्द ही इस कार्य को शुरू करा देगा।

नेहरू नगर चौराहा बाला जी चौक के नाम से भी जाना जाता है। यहां बाला जी का मंदिर प्रसिद्ध है। बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन करने आते हैं। चौराहे का सुंदरीकरण होने के बाद मंदिर का आकर्षण भी बढ़ जाएगा।

इसके साथ ही जोन-4 में वार्ड 59 के अंतर्गत बृजभूषण अवस्थी बारातशाला का निर्माण भी होना है। 
इस योजना के तहत साकेत नगर में जोनल कार्यालय एवं सह कार्य स्थल का निर्माण कार्य 16.26 करोड़ रुपए से होना है। इसके साथ 9.63 करोड़ रुपए से फूलबाग गांधी भवन में ई लाइब्रेरी बनाने को लेकर भी शासन की स्वीकृति मिली है।
इस योजना में 9.55 करोड़ रुपए से सिद्धनाथ घाट का पुर्ननिर्माण और सौंदर्यीकरण भी शामिल है। योजना के तहत जोन 4 में नेहरू नगर चौराहे का सौंदर्यीकरण भी नगर निगम को करना है। जिसको लेकर पहली किश्त जारी की गई है।  नेहरू नगर चौक पर फाउंटेन, एलईडी लाइटें, स्लिप मार्ग आदि का निर्माण होगा। जिससे चौराहे  और मंदिर का आकर्षण बढ़ेगा।