
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर के मोतीझील लॉन–2 में 27 मार्च से 30 मार्च तक ऋषि चैतन्य विजन की ओर से अमृत वर्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हरियाणा के सोनीपत जिले से गुरु मां आनंदमूर्ति भक्ति योग सूत्र के माध्यम से श्रीमद भगवत गीता, शंकराचार्य आत्मबोध, विचार चंद्रोदय समेत अन्य ग्रंथों पर व्याख्यान दिया जाएगा। इस आयोजन में 8 हजार अनुयायियों के लिए व्यवस्था की गई है।
ऋषि चैतन्य विजन की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष ऋषि अरोड़ा ने बताया कि सुबह 7:30 से 9:30 बजे तक गुरु मां के श्रीमुख से अमृत वर्षा की जाएगी। बताया कि गुरु मां एक आधुनिक, रहस्यदर्शी व आध्यात्मिक गुरु हैं।
साधकों के आध्यात्मिक उत्थान के लिए गुरु मां 3 दिनों तक विभिन्न ग्रंथों, उपनिषदों, श्रीमद भगवतगीता, अमृत बिंदु जैसे सदग्रंथों पर व्याख्यान देंगी। इसके साथ ही योग, मंत्र, जप, ध्यान और योग निद्रा की अनुपम विधियों की भी जानकारी देंगी।
संस्था के रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि संस्था की ओर से नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निर्धन कन्याओं को मिशन शक्ति के द्वारा भारत के विभिन्न शहरों में शक्ति उड़ान केंद्र संचालित किए जा रहे है, जिसमें कन्याओं को रोजगारपरक शिक्षा मुफ्त मुहैया कराई जा रही है, जिसमें अब तक 26 हजार से अधिक कन्याएं स्वाभिमान से जीवन व्यतीत कर रही हैं।
इस प्रेस कांन्फ्रेंस में एचसी दुबे, पारस भाटिया, कपिल देव, सुरेश कुमार दीवान, उमेश भसीन, मनोज गनवानी, रघुनाथ सिंह, अंकुश भसीन, हर्षित चावला, अविजित दुबे, अंजू भटेजा मौजूद रहे।