January 15, 2026

संवाददाता

कानपुर।  गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी गोविंद नगर कच्ची बस्ती पहुंचे। यहां बस्ती के अंदर पहुंचने के लिए उन्हें गंदे पानी के बीच से होकर जाना पड़ा। पूरे इलाके में सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है, जिसके कारण लोगों को हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जिसके बाद इलाके के लोगों ने विधायक को बताया कि पिछले कई सालों से इलाके में यह समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है। लेकिन लोगों की इस समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है। जिसके बाद विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्दी ही इस समस्या का निस्तारण होगा और लोगों को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
गोविंदनगर कच्ची बस्ती के लोगों ने विधायक को बताया कि इलाके में पिछले दो सालों से इलाके में जलभराव की समस्या बनी हुई है। इलाके के लोग लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपनी समस्या के बारे में बता रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं निकला।
इलाके में लगातार गंदा पानी भरा रहता है। लोगों को घर से बाहर निकलते ही जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। गंदगी और जलभराव के कारण इलाके में मच्छर मक्खियों का प्रकोप काफी बढ़ गया है, जिसके कारण महामारी फैलने का डर भी बना रहता है। इसके बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों की समस्या सुनने के बाद गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या का जल्द निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15वें वित्त के तहत नगर निगम में इस समस्या के निस्तारण के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है। इस बजट से जलभराव की समस्या को खत्म किया जाएगा और इलाके में सीवर और जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
इलाके के जितेंद्र पांडेय ने बताया कि विधायक के निरीक्षण के बाद जल निगम की टीम इलाके की समस्या देखने के लिए मौके पर पहुंची। लेकिन बिना समस्या देखे ही लौट गई। इलाके के लोगों ने टीम से मिलकर उन्हें समस्या बताने की कोशिश की, लेकिन अधिकारी बिना मिले ही वापस लौट गए। जितेंद्र ने बताया कि इलाके में सीवरेज और नाली निकासी की व्यवस्था नहीं है। इसी कारण पिछले दो सालों से यह परेशानी बनी हुई है। 

Related News