
संवाददाता
कानपुर। बुधवार शाम रमजान मुबारक का चांद नजर आ गया। इसके साथ ही गुरुवार से मुस्लिम समाज के लोगो ने रोजा रखना शुरू कर दिया । शहर में 200 से ज्यादा जगहों पर तरावीह की नमाज शुरू हो गई है।
अलग-अलग मस्जिदों और स्थानों पर तरावीह अदा की गई। चांद की तस्दीक के बाद बाजारों में भीड़ भी बढ़ गई।
गुरुवार को पहला रमजान का रोजा रखा गया । इबादत और बरकत के इस माह में मुसलमान पूरे महीने रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं। रमजान का चांद देखने के लिए लोग मस्जिदों और अपनी छतों पर शाम से ही इंतजार में थे। मुबारक चांद नजर आते ही लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।
सीसामऊ से विधायक नसीम सोलंकी ने अपने पति पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में नसीम सोलंकी ने कानपुर और सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र की जनता को माह-ए-रमजान की मुबारकबाद दी।
उन्होंने कहा कि तीन साल बाद रमजान के मौके पर घर में खुशियां आई हैं, क्योंकि इरफान सोलंकी आगजनी मामले में महाराजगंज जेल में तीन साल से बंद थे। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद इस बार इरफान सोलंकी रमजान के दौरान घर पर परिवार के साथ हैं।






