June 1, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
अब मौसम और गर्म होने वाला है। गर्मी का सितम अब धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा। कानपुर का पारा 43 डिग्री और इससे ऊपर भी जाने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बुधवार से तापमान बढ़ना शुरू हो गया, लेकिन इसी के साथ ही अरब सागर की ओर से आने वाली नमी भी वातावरण मे शामिल हो रही हैं। जो हवाएं आ रही है थार के मरुस्थल और अफगानिस्तान और पाकिस्तान होते हुए उसमें नमी मिल रही हैं।
उसकी वजह से कही-कही बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में तापमान बढ़ेगा और गर्मी दिन में अपना रूप दिखाएगी।
दिन में भीषण गर्मी रहने के साथ राहत की बात ये है कि हवाओं में नमी रहने के कारण सुबह और शाम के समय गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। तापमान में गिरावट आ सकती है। इसलिए दिन में धूप में बाहर निकलने से लोगों को बचना चाहिए।
डॉ. पांडेय के मुताबिक कानपुर का अधिकतम तापमान  40.2 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की औसत गति 3.8 किमी प्रति घंटा रही। ये हवाएं उत्तर से पश्चिम की ओर चल रही हैं।
मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी पांच दिनों मे हल्के बादलों की आवाजाही रहने के साथ तेज हवाओं के साथ लू चलने की संभावना है।